हार्ट फेल के खतरे से बचना है तो रोजाना तेज गति से टहलें उम्रदराज महिलाएं : रिसर्च

हार्ट फेल के खतरे से बचना है तो रोजाना तेज गति से टहलें उम्रदराज महिलाएं

यह हम सब जानते हैं कि उम्र बढ़ने के साथ साथ शरीर कमजोर पड़ने लगता है और फिर आप तमाम तरह की बीमारियों की चपेट में आने लगते हैं। उम्र के इस पड़ाव पर आपका ह्रदय भी इतना कमजोर हो जाता है कि वह ठीक ढंग से पूरे शरीर में खून पंप नहीं कर पाता है और इसी वजह से उम्रदराज लोगों में हार्ट फेल होने का खतरा ज्यादा रहता है। यह खतरा महिलाओं में और भी ज्यादा होता है क्योंकि उम्रदराज महिलाएं जिम भी नहीं जाती हैं और रोजाना व्यायाम भी नहीं कर पाती हैं।

हाल में हुए एक शोध में यह खुलासा हुआ है कि अगर महिलाएं रोज तेज गति से टहलें तो इससे हार्ट फेल होने का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है। यह उन महिलाओं के लिए ज्यादा फायदेमंद है जो जिम नहीं जा सकती हैं। कई डॉक्टरों और विशेषज्ञों का भी यह मानना है कि तेज गति से टहलना अच्छी सेहत के लिए सबसे उपयुक्त एक्सरसाइज है।

इस शोध को अमेरिकन कॉलेज ऑफ कार्डियोलॉजी के 67 वें वार्षिक वैज्ञानिक सत्र में प्रकाशित किया गया है। शोध के अनुसार 60 से अधिक उम्र की महिलाओं में हार्ट फेल होने का खतरा सामान्य महिलाओं से तीन गुना ज्यादा होता है। इस शोध में यह पता चला कि जो महिलाएं रोजाना एक बार में 40 मिनट या इससे ज्यादा देर तक टहलती हैं उनमें कम टहलने वाली महिलाओं की तुलना में हार्ट फेल होने का खतरा 21 से 25% तक कम हो जाता है।

इसके अलावा जो महिलाएं तेज गति से टहलती हैं उनमें धीमी गति से टहलने वाली महिलाओं की तुलना में 26 से 38% तक हार्ट फेल होने का खतरा कम रहता है।

इस शोध में 50 से 79 साल की 89,000 को शामिल किया गया और 10 साल तक उनके टहलने के समय और गति इत्यादि पहलुओं का गहन अध्ययन किया गया। मैसाचुसेट्स स्थित सेंट विंसेंट अस्पताल के कार्डियोलॉजी छात्र सोमवैल रसला ने बताया कि, “हम यह जानते हैं कि शारीरिक क्रियाकलापों या व्यायाम करने से हार्ट फेल होने का खतरा कम होता है लेकिन कुछ लोगों में यह ग़लतफ़हमी है कि सिर्फ टहलने से इस खतरे को कम नहीं किया जा सकता है।” इन महिलाओं पर किये शोध से यह पुष्टि होती है कि आप तेज गति से टहलकर भी हार्ट फेल होने के खतरे को कम कर सकती है।

इसलिए आपकी उम्र चाहें जितनी भी हों रोजाना सुबह और शाम को आधे घंटे तेज गति से ज़रुर टहलें। ऐसा करने से सिर्फ दिल की बीमारियां ही नहीं बल्कि बढ़ती उम्र में होने वाली कई तरह की बीमारियों से भी आपका बचाव होता है।

साभार : IANS

Facebook Comments

Related Articles