स्वस्थ दिल के लिए करें ये 7 एक्सरसाइज रोजाना

 स्वस्थ दिल के लिए करें ये 7 एक्सरसाइज रोजाना

ह्रदय हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। शरीर में बहुत कम ही अंग ऐसे होते हैं जो बिना रुके दिन रात लगातार अपना काम करते रहते हैं, ह्रदय उनमें से एक है। इसलिए यह ज़रूरी है कि आप ह्रदय के स्वास्थ्य का ख्याल रखें और उसे इतना मजबूत बनाएं जिससे आपको इससे जुड़ी कोई समस्या ना हो। अपनी जीवनशैली में कुछ बदलाव लाकर और रोजाना कुछ ख़ास व्यायाम करके आप दिल को स्वस्थ और मजबूत बना सकते हैं। इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ प्रमुख व्यायामों के बारे में बता रहे हैं। आइये जानते हैं :

1- टहलना : ह्रदय को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना टहलना सबसे बेहतरीन व्यायाम है। इसके लिए शुरुआत में हफ्ते में कम से कम 5 दिन रोजाना आधे घंटे तक धीमी गति से टहलें और फिर धीरे धीरे अपनी क्षमता के अनुसार समय और गति बढ़ाएं। किसी सर्जरी या चोट के बाद उबरने में यह व्यायाम बहुत मददगार है। व्यायाम की शुरुआत करने वाले और वयस्कों के लिए यह एक अच्छा कार्डियो एक्सरसाइज है।

टिप्स :  उतनी ही स्पीड से चलें जिसमें बिना हाँफते हुए आप आपस में बात कर  सकें।

2- सूर्य नमस्कार : सूर्य नमस्कार 12 अलग अलग तरह के योगासनों का मिश्रित रूप होता है। इस योगासन को करने से शरीर की सभी मांसपेशियों में खिंचाव होता है। बार बार जमीन से ऊपर उठना और खड़ा होना एक बेहतरीन कार्डियोवैस्कुलर एक्सरसाइज है।

टिप्स : इस योगासन की शुरुआत करने वाले लोग नीचे झुकते समय अपने घुटनों और शरीर के उपरी हिस्से का सहारा ले सकते हैं। धीरे धीरे जब आप इस योगासन को पूरी तरह सीख जायेंगे तो आप बिना सहारा लिए इसे आसानी से कर लेंगे।

3- तैराकी : जोड़ों पर बिना ज्यादा जोर लगाये अगर आप ह्रदय और फेफड़ों की कार्यक्षमता बढ़ाना चाहते हैं तो तैराकी उसके लिए सबसे उपयुक्त व्यायाम है। इसके अलावा तैराकी करने से स्ट्रेस भी कम होता है। अगर आप तैराकी की शुरुआत करना चाहते हैं तो किसी नजदीकी स्विमिंग पूल में जाकर ट्रेनर की मदद से इसे सीख लें।

टिप्स : स्विमिंग करने से पहले ज्यादा खाना ना खाएं।

4- रस्सी कूदना  : ह्रदय के अच्छे स्वास्थ्य के लिए रस्सी कूदना सबसे सस्ता और असरदार व्यायाम है। इसकी खासियत यह है कि इसे आप अपने घर के अंदर  भी आराम से कर सकते हैं। 10 मिनट रस्सी कूदना लगभग 45 मिनट दौड़ने के बराबर है। इसे करने से दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर दोनों में सुधार होता है।

टिप्स : रस्सी कूद करते समय अच्छी क्वालिटी और गद्देदार नरम सोल वाले जूते पहनें और जमीन पर आराम से कूदें।

5- साइकिल चलाना : हर उम्र के लोगों को रोजाना कुछ देर साइकिल ज़रुर चलाना चाहिए। इससे न सिर्फ वजन कम करने में मदद मिलती है बल्कि यह आपकी शारीरिक क्षमता को बढ़ाती है साथ ही हड्डियों और मांसपेशियों को मजबूती मिलती है। यह एक बेहतरीन कार्डियोवैस्कुलर एक्सरसाइज है और इसका सबसे अच्छा फायदा यह है कि साइकिलिंग करते समय शरीर का पूरा भार सीट पर रहता है जिससे घटनों और पीठ के निचले हिस्से पर दवाब कम पड़ता है। अधिक उम्र वाले लोग जिम में जाकर स्टेशनरी साइकिल का उपयोग कर सकते हैं।

टिप्स : अगर आपको पीठ में दर्द है तो ‘बैक सपोर्ट वाली स्टेशनरी साइकिल’ का प्रयोग करें।

6- सर्किट ट्रेनिंग : असल में सर्किट ट्रेनिंग, एरोबिक और मजबूती प्रदान करने वाले एक्सरसाइज का मिश्रित रूप है जो ह्रदय के लिए बहुत फायदेमंद है। इसे करते समय एक सर्किट पूरा करने के बाद आप अगली सर्किट के लिए फिर शुरुआत से वही एक्सरसाइज करें। इसे करने से शारीरिक क्षमता बढ़ती है और शरीर मजबूत होता है।  

टिप्स : इसे करते समय धीरे धीर अपनी गति बढायें और अपने प्रदर्शन में सुधार लायें।  

7- हाई रेप स्‍क्‍वैट्स (High rep squats) : इस एक्सरसाइज को करने से खासतौर पर आपकी जांघो और हिप्स की मांसपेशियों को सही आकार मिलता है साथ ही यह दिल की कार्यक्षमता बढ़ाने में भी बहुत फायदेमंद है। बार बार शरीर को ऊपर नीचे करने से शरीर की संतुलन की क्षमता और सहन-शक्ति बढ़ती है।

टिप्स : अधिक उम्र के लोग जिन्हें अर्थराइटिस की समस्या है वे इस एक्सरसाइज को ना करें।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रोजाना सिर्फ आधे घंटे एक्सरसाइज करने से कैलोरी खर्च होती है, ब्लड प्रेशर कम होता है, खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) की मात्रा में कमी आती है और अच्छे कोलेस्ट्रॉल (HDL) की मात्रा बढ़ जाती है। इसलिए खुद को फिट रखने के लिए नियमित रूप से एक्सरसाइज करें।

Facebook Comments

Related Articles