
क्या आप भी पेट की चर्बी से परेशान हैं? आप अकेले नहीं हैं।
पेट की चर्बी से छुटकारा पाना आजकल सबसे आम हेल्थ गोल में से एक है। कुछ लोग हैवी वर्कआउट करने और खाना छोड़ देने के बाद भी पेट और उसके आस पास की जगहों पर जमी चर्बी को कम नहीं कर पाते। सच तो यह है कि स्थायी रूप से वजन कम करने, (खास तौर पर पेट की चर्बी) और उसे मेंटेन रखने के लिए भूखा रहने और बहुत ज्यादा हैवी वर्कआउट करने का न तो कोई खास फायदा है और न ही जरूरत। अगर आप ऐसा करके वजन कम कर भी लेते हैं, तो उसे मेंटेन रखना बहुत मुश्किल होगा, वापस नॉर्मल रूटीन पर आते ही वजन फिर से बढ़ने की संभावना है।
प्रकृति के दिए हुए इस शरीर को अगर आप प्रकृति के हिसाब से चलाएंगे और कुछ खास बातों का ध्यान रखेंगे, तो आप प्राकृतिक रूप से ही स्वस्थ भी रहेंगे और फिट भी! दरअसल, भारत की पारंपरिक आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति में होममेड नेचुरल फैट बर्निंग ड्रिंक्स (weight loss drinks in hindi) के रूप में ऐसे कई नेचुरल उपाय हैं, जो अंदर से असर दिखाते हैं। घर पर बनने वाली ये देसी फैट बर्निंग ड्रिंक पाचन में सुधार करती हैं, मेटाबॉलिज़्म बढ़ाती हैं और बॉडी को डिटॉक्स करती हैं। ये विज्ञान और आयुर्वेद दोनों की दृष्टि से वजन कम करने में सक्षम हैं।
आइए जानते हैं 7 ऐसी नेचुरल ड्रिंक्स के बारे में, जो पेट की चर्बी कम करने, शरीर को हल्का महसूस कराने और उसे स्वस्थ रखने में मदद कर सकती हैं।
1. जीरे का पानी
कैसे काम करता है:
जीरा एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है और पाचन में मदद करता है। यह पाचन एंजाइमों के स्राव को बढ़ाता है, जिससे मेटाबॉलिज़्म तेज होता है और फैट जल्दी टूटता है।
कैसे बनाएं:
एक छोटा चम्मच जीरा रात भर पानी में भिगो दें। सुबह इस मिश्रण को उबालें, छान लें और खाली पेट गुनगुना पिएँ।
पीने का सही समय: सुबह खाली पेट
2. मेथी का पानी
कैसे काम करता है: मेथी फाइबर से भरपूर होती है। इससे भूख कम लगती है और ब्लड शुगर कंट्रोल रहती है। साथ ही इंसुलिन के लेवल को ज्यादा बढ़ने से रोकने में मदद मिलती है, जिससे शरीर में फैट जमा नहीं हो पाता।
कैसे बनाएं: एक चम्मच मेथी के दानों को रात भर के लिए गर्म पानी में भिगो दें। सुबह उठते ही छानकर खाली पेट इस पानी को पी लें।
पीने का सही समय: सुबह खाली पेट.
3. अजवाइन का पानी
कैसे काम करता है: अजवाइन पाचन और मेटाबॉलिज़्म के लिए फायदेमंद होती है। यह पेट की चर्बी और शरीर में जमा अतिरिक्त पानी को कम करती है।
कैसे बनाएं: 1 गिलास पानी में 1 चम्मच अजवाइन को 5 से 10 मिनट तक उबालें। हल्का ठंडा होने दें और गुनगुना रह जाने पर धीरे-धीरे पिएँ।
पीने का सही समय: नाश्ते से 30 मिनट पहले।
4. त्रिफला का पानी
कैसे काम करता है: त्रिफला, तीन फलों (आँवला, हरड़ (हरीतकी), बहेड़ा (बिभीतकी)) का एक पॉवरफुल आयुर्वेदिक मिश्रण है। यह आयुर्वेद की एक जानी मानी औषधि है, जो कई रोगों को ठीक करने और शरीर की शुद्धि करने के काम में आती है। त्रिफला का पानी शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालता है, और पाचन किया को बेहतर बनाता है।
कैसे बनाएं: 1 चम्मच त्रिफला चूर्ण को गर्म पानी में मिलाएँ। इसे 5 से 10 मिनट तक ऐसे ही रहने दें और फिर पी लें।
पीने का सही समय: सोने से पहले।
5. तुलसी के साथ ग्रीन टी
कैसे काम करती है: ग्रीन-टी में मौजूद कैटेचिन और एंटीऑक्सीडेंट मेटाबॉलिज़्म को तेज करते हैं। जब इन्हें तुलसी के साथ मिलाया जाता है, तो ये तेजी से फैट बर्न करने और कॉर्टिसोल (पेट की चर्बी से जुड़ा एक स्ट्रेस हार्मोन) को कम करने में मदद करते हैं।
कैसे बनाएं: तुलसी की पत्तियों को पानी में उबालें, फिर उसमें ग्रीन-टी डालें और 3 से 5 मिनट तक उबालें, फिर हल्का गर्म रहने पर पी लें।
पीने का सही समय: दोपहर या किन्हीं भी दो भोजन के बीच में।
6. अदरक-नींबू-शहद का पानी
कैसे काम करता है: अदरक थर्मोजेनेसिस (शरीर में गर्मी पैदा करने वाली प्रक्रिया) को बढ़ाता है, जिससे फैट बर्न करने में मदद मिलती है। नींबू लिवर को डिटॉक्स करता है, और शहद भूख को कंट्रोल करने में मदद करता है।
कैसे बनाएं: थोड़ा पानी उबालें और उसमें पिसा हुआ अदरक डालें, इसमें ताजा नींबू और स्वादानुसार एक चम्मच शहद मिलाकर पी लें।
पीने का सही समय: सुबह या खाने के बाद।
7. कोकम का पानी (गार्सिनिया इंडिका)
कैसे काम करता है: कोकम (गार्सिनिया इंडिका) भारत का एक उष्णकटिबंधीय फल है। यह मुख्य रूप से पश्चिमी भारत में पाया जाने वाला, थोड़ा कम जाना-पहचाना लेकिन बेहद फायदेमंद है। यह अद्भुत फल सूजन कम करने, पाचन को बढ़ाने और प्राकृतिक रूप से भूख को कम करने में मदद करता है।
कैसे बनाएं: सूखे कोकम को 30 मिनट से 1 घंटे के लिए गर्म पानी में भिगो दें। स्वाद के लिए आप इसमें थोड़ा काला नमक या चुटकी भर जीरा पाउडर भी मिला सकते हैं। थोड़ा गुनगुना करके पी लें।
पीने का सही समय: सुबह 10-11 बजे या दोपहर का खाने-खाने से पहले।
बेहतर परिणाम पाने के लिए टिप्स
-नियमित रहें: कम से कम 3-4 हफ्ते तक लगातार पिएं।
-एक्सरसाइज करें: बेहतर परिणाम के लिए रोजाना व्यायाम करें।
-साफ़ सुथरा सादा भोजन करें: तले हुए, शुगर वाले और प्रोसेस्ड फूड्स के सेवन से बचें।
-हाइड्रेटेड रहें: ये ड्रिंक्स पेट की चर्बी कम करने में तो मदद करती हैं लेकिन शरीर में पानी की पूर्ति नहीं करती, इसलिए पर्याप्त पानी जरूर पिएं।
निष्कर्ष
फिट और स्लिम पेट पाने के लिए महंगी डाइट या हैवी वर्कआउट की जरूरत नहीं है। कई बार कई समस्याओं के समाधान आपकी रसोई में ही मौजूद होते हैं। ये 7 नेचुरल फैट बर्निंग ड्रिंक (weight loss drinks in hindi) स्वाभाविक रूप से पाचन में मदद करती हैं, पेट फूलने की समस्या को कम करती हैं और मेटाबॉलिज्म बढ़ाती हैं। आप अपनी दिनचर्या और शरीर के अनुसार 1 या 2 ड्रिंक से शुरुआत कर सकते हैं।
डाइट में कोई भी बड़ा बदलाव करने से पहले हमेशा अपने न्यूट्रिशनिस्ट या डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
क्या इन ड्रिंक्स को रोज पी सकते हैं?
हाँ, इनमें से ज्यादातर ड्रिंक्स को आप सीमित मात्रा में रोज पी सकते हैं। लेकिन अगर आपको कोई स्वास्थ्य समस्या है, तो अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
इन ड्रिंक्स को पीने का सबसे अच्छा समय क्या है?
ज्यादातर ड्रिंक्स को सुबह खाली पेट पीना सबसे अच्छा होता है। लेकिन अजवाइन का पानी और जीरे का पानी जैसी कुछ ड्रिंक्स को आप खाना-खाने से पहले या सोने से ठीक पहले ले सकते हैं, जिससे फैट मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है।
क्या इन ड्रिंक्स (weight loss drinks in hindi) के कोई साइड इफेक्ट्स हैं?
नहीं! आम तौर पर नेचुरल ड्रिंक्स के कोई साइड इफ़ेक्ट नहीं होते, ये पूरी तरह सुरक्षित होती हैं। लेकिन अगर आप इन्हें ज़्यादा मात्रा में पीते हैं, तो आपको एसिडिटी या पेट की परेशानी हो सकती है। अगर आपको अल्सर है या आप प्रेग्नेंट हैं, तो इनमें से किसी भी ड्रिंक को डॉक्टर से बिना पूछे न लें।
क्या इन ड्रिंक्स के साथ डाइट और एक्सरसाइज भी जरूरी है?
हां, ये ड्रिंक्स फैट कम में मदद जरूर करते हैं, लेकिन संतुलित आहार और नियमित व्यायाम से इनका अवशोषण शरीर में बढ़ जाता है, जिससे आपको इनका पूरा फायदा मिलता है।
(इस लेख की समीक्षा डॉ. स्वाति मिश्रा, मेडिकल एडिटर ने की है)
Image Source: Freepik
ये भी पढ़ें-
- चिया सीड्स से घटाएं वजन: जानिए फायदे और सेवन का तरीका
- वजन घटाने के लिए डाइट में शामिल करें ये 6 सीड्स