Categories: स्वस्थ भोजन

Betel Leaf (Paan): गुणों से भरपूर है पान (ताम्बूल) – Acharya Balkrishan Ji (Patanjali)

वानस्पतिक नाम : Piper betle Linn. (पाइपर बीटेल)

Syn-Chavica betle (Linn.) Miq.

कुल : Piperaceae (पाइपरेसी)

अंग्रेज़ी नाम : Betel leaf (बीटेल लीफ)

संस्कृत-नागवल्ली, नागवल्लरी, सप्तशिरी, ताम्बूलवल्ली, ताम्बूली, नागिनी, ताम्बूल, भक्ष्यपत्रा, भुजङ्गलता, मुखभूषण, भुजङ्गवल्ली, दिवाभीष्टा, नागवल्लिका, पर्ण, पर्णलता, सप्तलता, फणिवल्ली, ताम्बूलवल्लिका, पर्णगृहाशया, वित्तिका, फणिलता; हिन्दी-पान; उर्दू-पान (Pan); उड़िया-पानो (Pano); कोंकणी-पान (Pan); कन्नड़-अम्बाडीयेले (Ambadiyele); गुजराती-नागरवेल (Nagarbel), पान (Paan); तेलुगु-तमालापाकु (Tamalapaku); तमिल-वेत्तिलै (Vettilei); बंगाली-खासीपान (Khasipan); नेपाली-पान (Paan); मराठी-नागवेल (Nagvel); मलयालम-वेत्तिल (Vettila)।

अंग्रेजी-बीटेल वाइन (Betel vine), बीटेल पेपर (Betel pepper); अरबी-तंबुल (Tambul); फारसी-तंबोल (Tambol), बर्गे तन्बोल (Berge tambol)।

परिचय

यह उष्ण और आर्द्र प्रदेशों में विशेषत बिहार, बंगाल, उड़ीसा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश तथा श्रीलंका में बहुत बोया जाता है। बनारस का पान सर्वोत्तम माना जाता है। प्राचीन महाभारत, रामायण आदि ऐतिहासिक एवं साहित्य ग्रन्थों में इसका प्रचुर उल्लेख मिलता है। इसकी उत्पत्ति के विषय में बरई (तम्बोली, पान का धंधा करने वाली जाति विशेष) लोगों में यह कथा प्रचलित हैं, कि महाभारत युद्धोपरान्त जब पांडवों का अश्वमेध प्रंग में मांगलिक कार्यार्थ इस प्रकार के विशिष्ट द्रव्य की आवश्यकता प्रतीत हुई, तब उन्होंने पाताललोक में इसकी प्राप्ति के लिए वासुकी नाम के पास अपना एक दूत भेजा। वासुकी ने अपनी करागुंल का अग्रभाग काट कर दिया और कहा कि इसे भूमि में रोपण कर देने से पान की बेल उत्पन्न होगी, जिससे पांडवों की अभीष्ट पूर्ति होगी। पांडवों ने वैसा ही किया और इसकी उत्पत्ति हुई। इसी से नागबल्ली नाम इसे दिया गया है। अतिप्राचीनकाल से इसका व्यवहार मुखशुद्धि, सुगन्धि एवं रूचिवृद्धि के लिए तथा देवपूजनादि शुभकर्मों एवं उत्सवादि में सुस्वागतार्थ किया जा रहा है। प्राचीन आयुर्वेदीय ग्रन्थों में यद्यपि कोई खास औषधि प्रयोग में इसका उल्लेख नहीं है तथा चरक के सूत्रस्थान में मात्राशितीय अध्याय में रूचिसौगन्ध्यवर्धनार्थ जायफल, कस्तूरी, इलायची, कंकोल, सुपारी के साथ इसे मुख में धारण करने का विधान है तथा सुश्रुत के अन्नपान विधि अध्याय में भी इसका उल्लेख है। राजनिघण्टु में श्रीवाटी, अम्लवाटी, अम्लरसा आदि नामों से सात प्रकार के पानों का वर्णन किया गया है।

इसकी प्रसरणशील, कोमल मूल युक्त लता होती है। इसके काण्ड अर्धकाष्ठमय, चिकने, मजबूत, पर्व पर अधिक स्थूल, अनेक, छोटी अपस्थानिक मूल के सहारे ऊपर चढ़ने वाले होते हैं। इसके पत्ते पीपल के पत्तों के समान बड़े चौड़े तथा हृदयाकार प्राय सात शिराओं से युक्त, चिकने, मोटे, अग्र भाग पर नोंकदार, चमकीले हरित वर्ण के होते हैं।

आयुर्वेदीय गुण-कर्म एवं प्रभाव

धन्वन्तरि निघंटु ने पान पत्र के तेरह ऐसे गुणों का वर्णन किया है, जो स्वर्ग में भी दुर्लभ है। पान, चरपरा, कटु, उष्ण, मधुर, क्षारगुणयुक्त, कसैला तथा वात, कृमि, कफ और दुख को हरने वाला है। यह धारणशक्ति और कामशक्ति का वर्धन करता है। भाव प्रकाश के मतानुसार पान विषघ्न, रुचिकारक, सुगन्धित, तीक्ष्ण, मधुर, हृदय के लिए हितकारी, जठराग्नि को दीप्त करने वाला, कामोद्दीपक, बलकारक, दस्तावर तथा मुखशोधक है।

राजनिघंटु के मतानुसार यह चरपरा, तीक्ष्ण, कड़वा, वातकारक तथा खाँसी में लाभप्रद है। यह रुचिकारक, दाहजनक और अग्निदीपक है। पान पत्र-तीक्ष्ण, गर्म, कड़वा, पित्त को प्रकुपित करने वाला, सुगन्धित, विशद्, संस्रन, लालस्राव-जनन, कण्डू मल और दुर्गन्ध का नाश करने वाला है। पान का तैल कफज शूल, व श्वासनाड़ी-प्रदाह में विशेष उपकारी है। इसमें सड़न-रोधक-शक्ति है। पुराना पान अत्यन्त रसभरा, रुचिकारक, सुगन्धित, मधुर, तीक्ष्ण, दीपन, कामोद्दीपक, बलकारक, रेचक और मुख को शुद्ध करने वाला है। नवीन पान त्रिदोषकारक, दाहजनन, अरुचिकारक, रक्त को दूषित करने वाला, विरेचक और वमनकारक है। वहीं पान अगर बहुत दिनों तक जल से सींचा हुआ हो तो श्रेष्ठ होता है। यह रुचिकारक, वर्ण्य और त्रिदोषनाशक है।

औषधीय प्रयोग मात्रा एवं विधि

  1. शिरशूल-कनपट्टियों पर पान के पत्तों को बाँधने से शिरशूल का शमन होता है।
  2. नेत्ररोग-पान स्वरस में समभाग मधु मिलाकर नेत्रों में अंजन करने से नवीन पक्ष्मकोप रोग का शमन होता है।
  3. कर्णशूल-1-2 बूँद ताम्बूल पत्र-स्वरस को कान व नेत्र में डालने से कर्णशूल व रतौंधी में लाभ होता है।
  4. मुखरोग-3-3 ग्राम रूमी मस्तगी, सुपारी तथा खदिर सार को ताम्बूल के परिपक्व पत्तों के साथ पीसकर 250-500 मिग्रा की वटी बनाकर घिसकर दाँतों पर लेप करने से दंतमूलगत शूल, शोथ आदि का शमन होता है।
  5. पान की मूल को चूसने से कण्ठ स्वर मधुर होता है।
  6. बच्चों की सर्दी-पान के पत्तों को गर्म करके, एरंड का तेल चुपड़कर छाती पर बाँधने से लाभ होता है।
  7. प्रतिश्याय-पान की जड़ और मुलेठी को पीसकर मधु के साथ चटाने से प्रतिश्याय में लाभ होता है।
  8. कुक्कुर कास-डिप्थीरिया रोग में जब श्वासावरोध उत्पन्न होकर रोगी को अत्यन्त कष्ट होता है तब पान के रस का सेवन करने से गले की सूजन कम हो जाती है और कफ निकलने लगता है। इस रोग में 2-5 पान के पत्तें के रस को थोड़े गुनगुने पानी में मिलाकर कुल्ला करने से भी फायदा होता है।
  9. 5-10 मिली पान स्वरस को शहद के साथ मिलाकर चटाने से सूखी खाँसी मिटती है।
  10. पान की डंठल को घिसकर शहद मिलाकर चटाने से बच्चों की सर्दी व कफ में आराम मिलता है।
  11. श्वास-पान के पत्तों को गर्म कर श्वास रोगी के वक्ष पर बाँधने से श्वास रोग में लाभ होता है।
  12. हृदय-विकार-हृदय की दुर्बलता तथा हृदय अवसाद की अवस्था में इसका प्रयोग लाभदायक है। डिजिटेलीस के स्थान पर इसका प्रयोग कर सकते हैं।
  13. पान का शर्बत पीने से हृदय का बल बढ़ता है, कफज और मंदाग्नि का शमन होता है।
  14. पान के चूसने पर लार की मात्रा अधिक निकलती है, जिससे पाचन क्रिया में मदद मिलती है। यह पेट की बादी को मिटाने वाला, उत्तेजक और ग्राही है। इससे मुख की दुर्गन्ध दूर हो जाती है। (पान खाने से प्यास कम लगती है)।
  15. कब्ज-पान के डंठल पर तेल चुपड़कर बच्चों की गुदा में रखने से बच्चों की कब्ज और बादी के रोग मिट जाते हैं।
  16. स्तनशोथ-जिन त्रियों के शिशु की मृत्यु हो गयी हो और स्तनों में दूध भरकर सूजन आ गई हो तो उन त्रियों के स्तनों पर पान को गर्म करके बाँधने से सूजन कम हो जाती है और दूध सूख जाता है।
  17. ध्वज भंग-पान के पत्तों को शिश्न पर बाँधने से ध्वजभंग रोग में लाभ होता है।
  18. श्लीपद-ताम्बूल के सात पत्रों को लेकर, कल्क बनाकर, थोड़ा सेंधानमक मिलाकर उष्णोदक के साथ पीने से श्लीपद में लाभ होता है।
  19. व्रण-व्रणों के ऊपर पान को बाँधने से व्रण जल्दी भर जाते हैं।
  20. आवेश रोग-स्त्रियों का आवेश रोग मिटाने के लिए 5-10 मिली पान के रस को 100 मिली दूध में मिलाकर पिलाना चाहिए।
  21. दुर्बलता-पान के शर्बत में चरपरी चीजें या उष्ण बेसवार मिलाकर 25-25 मिली दिन में तीन बार पिलाने से, शरीर की दुर्बलता मिटती है।
  22. ज्वर-3 मिली पान के अर्क को गर्म करके दिन में 2-3 बार पिलाने से ज्वर का शमन होता है।
  23. शोथ-पान को गर्म करके बाँधने से शोथ और पीड़ा का शमन होता है।
  24. कृशता-पान के पत्र को दस मरिच के साथ पीसकर शीतल जल के साथ सेवन करने से कृशता का शमन होता है।
  25. वमन, विरेचन आदि द्वारा भी यदि ज्वर का शमन न हो तो पान के पके पत्तों से पकाए हुए घृत का सेवन हितकर होता है।
  26. सर्पदंश-पान स्वरस को दंश स्थान पर लगाने से सर्पदंशजन्य विषाक्त प्रभावों का उपशमन होता है।

और पढ़ें : अलसी के फायदे आंखों के रोग में

प्रयोज्याङ्ग  : पत्र, मूल, फल एवं तैल।

मात्रा  : स्वरस 5-10 मिली।

पान खाने से लाभ  : पान खाना भी एक व्यसन है। लगातार खाने से इसकी आदत पड़ जाती है। पहली बार खाने से मस्तिष्क पर कुछ खास असर मालूम पड़ता है; जैसे कुछ चक्कर आना, घबराहट, बेचैनी आदि, किन्तु पान खाने की आदत बन जाने पर ये सब शिकायतें धीरे-धीरे दूर हो जाती हैं। पान के चूसने पर लार की मात्रा अधिक निकलती है, जिससे पाचन क्रिया में मदद मिलती है, परन्तु अधिक मात्रा में पान का सेवन तम्बाकू तथा सुपारी के साथ अहितकर है।

दोष  : तीक्ष्ण, उष्ण और पित्तप्रकोपक होने के कारण रक्तपित्त, उरक्षत, मूर्च्छा आदि पैत्तिक-विकारों में निषिद्व है। पान के अधिक खाने से भूख कम लगती है। इसलिए इसको कम मात्रा में खाना चाहिए। इसमें हेपिक्साइन नामक जहरीला पदार्थ होता है। सुपारी में अर्कीडाइन नामक विषैला पदार्थ रहता है, इसलिए सुपारी भी कम लेनी चाहिए। ज्यादा कत्थे से फेफडे में खराबी पैदा हो जाती है। अधिक चूना दाँतों को खराब कर देता है।

और पढ़ेंफेफड़े की सूजन में ज्योतिष्मती के फायदे

आचार्य श्री बालकृष्ण

आचार्य बालकृष्ण, आयुर्वेदिक विशेषज्ञ और पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्तंभ हैं। चार्य बालकृष्ण जी एक प्रसिद्ध विद्वान और एक महान गुरु है, जिनके मार्गदर्शन और नेतृत्व में आयुर्वेदिक उपचार और अनुसंधान ने नए आयामों को छूआ है।

Share
Published by
आचार्य श्री बालकृष्ण

Recent Posts

कब्ज से छुटकारा पाने के लिए अपनाएं पतंजलि दिव्य त्रिफला चूर्ण

आयुर्वेदिक ग्रंथों के अनुसार, त्रिफला चूर्ण पेट से जुड़ी समस्याओं के लिए बेहद फायदेमंद है. जिन लोगों को अपच, बदहजमी…

11 months ago

डायबिटीज को नियंत्रित रखने में सहायक है पतंजलि दिव्य मधुनाशिनी वटी एक्स्ट्रा पावर

डायबिटीज की बात की जाए तो भारत में इस बीमारी के मरीजों की संख्या साल दर साल बढ़ती जा रही…

11 months ago

त्वचा से जुड़ी समस्याओं के इलाज में उपयोगी है पतंजलि दिव्य कायाकल्प वटी

मौसम बदलने पर या मानसून सीजन में त्वचा से संबंधित बीमारियाँ काफी बढ़ जाती हैं. आमतौर पर बढ़ते प्रदूषण और…

12 months ago

युवाओं के लिए अमृत है पतंजलि दिव्य यौवनामृत वटी, जानिए अन्य फायदे

यौन संबंधी समस्याओं के मामले में अक्सर लोग डॉक्टर के पास जाने में हिचकिचाते हैं और खुद से ही जानकारियां…

12 months ago

मोटापे से छुटकारा पाने के लिए अपनाएं पतंजलि मेदोहर वटी

पिछले कुछ सालों से मोटापे की समस्या से परेशान लोगों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है. डॉक्टरों के…

12 months ago

पेट से जुड़े रोगों को ठीक करती है पतंजलि दिव्य गोधन अर्क, जानिए सेवन का तरीका

अधिकांश लोगों का मानना है कि गौमूत्र के नियमित सेवन से शरीर निरोग रहता है. आयुर्वेदिक विशेषज्ञ भी इस बात…

12 months ago