सीवीड(समुद्री शैवाल): फायदे, आयोडीन और डाइट में शामिल करने का सही तरीका

seaweed, Seaweed Benefits in hindi

Seaweed Benefits in hindi:

अगर आपने कभी सुशी खाई है, तो आप सीवीड (Seaweed-समुद्री शैवाल) पहले ही खा चुके हैं। फिर भी ज्यादातर लोग इसे सिर्फ टूना रोल को लपेटने वाली क्रंची शीट समझते हैं, जबकि इसे खाने के और भी कई तरीके हैं। समुद्री सब्जियां सदियों से ईस्ट एशिया की डाइट का हिस्सा रही हैं, लेकिन कई दशकों तक दुनिया के बाकी हिस्सों की रसोई में इन्हें ज्यादा जगह नहीं मिली। इन्हें रोजाना इस्तेमाल होने वाली चीज़ के बजाय ऐसा स्वाद माना जाता था, जिसकी आदत डालने की जरूरत होती है। लेकिन अब यह धारणा तेजी से बदल रही है।

रोस्टेड नोरी स्नैक्स, ड्राइड केल्प और सी-वेेजिटेबल सीज़निंग अब आम किराना स्टोर्स की शेल्फ पर भी आसानी से मिलने लगे हैं। सीवीड में मौजूद भरपूर मिनरल्स, गट के लिए फायदेमंद फाइबर और खाना बनाने में इसके अलग-अलग इस्तेमाल के कारण इसे अब काफी ध्यान मिल रहा है। सुशी रोल से आगे बढ़कर सीवीड को डाइट में शामिल करना शुरुआत में थोड़ा अलग लग सकता है, लेकिन यह समझना कि इन समुद्री सब्जियों को डाइट में जगह क्यों दी जा सकती है और इनके साथ आसानी से खाना कैसे बनाया जा सकता है, उतना मुश्किल नहीं है।

सीवीड आखिर क्या है?

seaweed, Seaweed Benefits in hindi

सीवीड (समुद्री शैवाल) एक व्यापक नाम है, जिसका इस्तेमाल समुद्र में प्राकृतिक रूप से उगने वाले हजारों तरह के समुद्री पौधों और बड़ी समुद्री शैवाल प्रजातियों के लिए किया जाता है। ये आमतौर पर समुद्र के किनारे, चट्टानी तटों और समुद्री इलाकों में उगते हैं। इन्हें मुख्य रूप से लाल, हरे और भूरे रंग की किस्मों में बांटा जाता है। सीवीड पीढ़ियों से दुनिया भर के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की डाइट का हिस्सा रहा है। आयरलैंड और स्कॉटलैंड की पारंपरिक रसोई में लंबे समय से जंगली समुद्री सब्जियां इकट्ठी की जाती रही हैं, जबकि ईस्ट और साउथईस्ट एशिया में इन्हें रोजाना की डाइट का हिस्सा बनाया गया है। जापान, कोरिया और चीन जैसे देशों में हर साल लाखों टन सीवीड उगाया जाता है, जिसका इस्तेमाल घरों में खाना बनाने के लिए किया जाता है।

आधुनिक रसोई में सीवीड की कुछ खास किस्में ज्यादा इस्तेमाल की जाती हैं। नोरी एक लाल शैवाल है और सबसे ज्यादा पहचानी जाने वाली किस्म है। यह गहरे रंग की पतली और क्रंची शीट के रूप में मिलती है, जिसका इस्तेमाल सुशी लपेटने या सीज़न्ड स्नैक के तौर पर किया जाता है। वाकामे एक नाजुक भूरे रंग का शैवाल है, जो पानी में डालने पर नरम हरी पट्टियों जैसा हो जाता है और आमतौर पर हल्के सूप और ताजे खीरे के सलाद में इस्तेमाल किया जाता है। कोम्बू एक मोटा, मिनरल्स से भरपूर केल्प है, जिसे धीमी आंच पर पकाकर गहरे और स्वादिष्ट सूप बेस और ब्रॉथ तैयार किए जाते हैं। एक और लोकप्रिय किस्म डल्स है, जो लाल रंग की अटलांटिक सी-वेेजिटेबल है। इसे पैन में हल्का भूनने पर इसमें स्मोकी, रोस्टेड और उमामी से भरपूर स्वाद आता है।

सीवीड के हेल्थ बेनिफिट्स क्या हैं? 

seaweed, Seaweed Benefits in hindi

सीवीड को सुपरफूड कहे जाने की एक बड़ी वजह यह है कि कम मात्रा में भी इसमें कई पोषक तत्व अच्छी मात्रा में मिल जाते हैं। इसमें फाइबर, आयोडीन, कैल्शियम, आयरन और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स के साथ-साथ विटामिन्स और कई तरह के बायोएक्टिव कंपाउंड्स भी पाए जाते हैं [1, 2, 4]। लेकिन दिलचस्प बात सिर्फ यह नहीं है कि सीवीड में क्या-क्या मौजूद है, बल्कि यह भी है कि इन्हें खाने के बाद ये कंपाउंड्स शरीर में किस तरह काम कर सकते हैं। 

हार्ट हेल्थ को सपोर्ट

heart

सीवीड और हार्ट हेल्थ के बीच संबंध को लेकर अभी रिसर्च जारी है, लेकिन अब तक मिले कुछ नतीजे उत्साहजनक हैं। सीवीड में मौजूद फाइबर, पॉलीफेनॉल्स और कुछ खास पॉलीसैकराइड्स कोलेस्ट्रॉल एवं  ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में भूमिका निभा सकते हैं [1, 4]। रैंडमाइज्ड कंट्रोल्ड ट्रायल्स की एक रिव्यू में भी कुछ हद तक इस बात को सपोर्ट मिला। इसमें ब्लड प्रेशर को बेहतर करने के सीमित लेकिन सकारात्मक सबूत मिले, जबकि ब्लड लिपिड्स पर इसका असर अपेक्षाकृत कम था। इसके फायदे उन लोगों में ज्यादा स्पष्ट दिखे, जिन्हें पहले से हाई ब्लड प्रेशर की समस्या थी, जबकि स्वस्थ लोगों में इसका असर कम नजर आया [3]।

इसका मतलब यह नहीं है कि सीवीड ब्लड प्रेशर की दवा की जगह ले सकता है या अकेले कोलेस्ट्रॉल को ठीक कर सकता है। लेकिन अगर आपकी डाइट पहले से संतुलित है, तो उसमें सीवीड को शामिल करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है।

 ब्लड शुगर कंट्रोल में मदद

सीवीड खाने के बाद शरीर के ब्लड शुगर को संभालने के तरीके में भी भूमिका निभा सकता है। इसमें मौजूद डाइटरी फाइबर और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट डाइजेशन को धीमा कर सकते हैं। वहीं, सीवीड में पाए जाने वाले कुछ कंपाउंड्स कार्बोहाइड्रेट को तोड़ने वाले एंजाइम्स के काम को प्रभावित कर सकते हैं [1, 4]।

इंसानों पर की गई कुछ स्टडीज में भी इसके शुरुआती सकारात्मक नतीजे सामने आए हैं। रैंडमाइज्ड स्टडीज की एक रिव्यू में कई ट्रायल्स में खाना खाने के बाद ब्लड ग्लूकोज या ग्लूकोज मेटाबॉलिज्म से जुड़े दूसरे मापदंडों में सुधार देखा गया, खासकर टाइप 2 डायबिटीज वाले लोगों में [3]। हालांकि, अभी इतने मजबूत सबूत नहीं हैं कि यह कहा जा सके कि सीवीड खाने से डायबिटीज को रोका या ठीक किया जा सकता है। फिर भी, इसे खाने में शामिल करना फाइबर और पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाने का एक आसान तरीका हो सकता है।

आयोडीन और दूसरे जरूरी मिनरल्स

seaweed, Seaweed Benefits in hindi

मिनरल्स की बात करें, तो सीवीड इस मामले में खासतौर पर अच्छा माना जाता है। यह आयोडीन का अच्छा स्रोत है, जो थायरॉइड के सही तरीके से काम करने के लिए जरूरी है। इसके अलावा, इसमें कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन और पोटैशियम भी पाए जाते हैं [1, 2]।

हालांकि, सीवीड से मिलने वाले मिनरल्स की मात्रा उसकी किस्म पर काफी निर्भर करती है। केल्प और दूसरे ब्राउन सीवीड में आयोडीन की मात्रा बहुत ज्यादा हो सकती है, जबकि कुछ दूसरी किस्मों में इसकी मात्रा काफी कम होती है [3, 4]। इसलिए यहां यह समझना जरूरी है कि ज्यादा आयोडीन लेना हमेशा बेहतर नहीं होता। अगर आप नियमित रूप से बहुत ज्यादा आयोडीन वाला सीवीड खाते हैं, तो शरीर में इसकी मात्रा जरूरत से ज्यादा हो सकती है। इसे मिनरल सप्लीमेंट की तरह ज्यादा मात्रा में लेने के बजाय डाइट में अलग-अलग समय पर शामिल करना बेहतर है।

गट हेल्थ को सपोर्ट

gut health

सीवीड में कुछ ऐसे तरह के फाइबर भी पाए जाते हैं, जो जमीन पर उगने वाली सब्जियों में आमतौर पर नहीं मिलते। इनमें से कुछ फाइबर बिना ज्यादा टूटे बड़ी आंत तक पहुंच जाते हैं, जहां गट बैक्टीरिया इन्हें फर्मेंट कर सकते हैं। यही प्रीबायोटिक की मूल भूमिका होती है [2, 4]।

हालांकि, इस विषय पर अभी रिसर्च शुरुआती दौर में है। लैब स्टडीज और इंसानों पर की गई शुरुआती रिसर्च से पता चलता है कि सीवीड में मौजूद कुछ कंपाउंड्स गट बैक्टीरिया के संतुलन को प्रभावित कर सकते हैं, लेकिन अभी इसे लेकर पूरी तरह पक्के निष्कर्ष नहीं हैं [2]। ऐसा कोई दावा नहीं है कि सीवीड का सलाद खाने से रातों-रात आपका डाइजेशन बेहतर हो जाएगा। लेकिन इतना जरूर कहा जा सकता है कि खाने में थोड़ी मात्रा में सीवीड शामिल करने से आपको ज्यादा फाइबर और अलग-अलग तरह के प्लांट फूड्स मिलते हैं, जो आमतौर पर गट हेल्थ के लिए फायदेमंद होते हैं।

क्या सीवीड खाना सुरक्षित है और किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए? 

seaweed

ज्यादातर लोगों के लिए संतुलित डाइट के हिस्से के रूप में सीमित मात्रा में सीवीड खाना पूरी तरह सुरक्षित है। यहां सबसे ज्यादा ध्यान आयोडीन की मात्रा पर देना चाहिए। कुछ किस्मों, खासकर केल्प में आयोडीन बहुत ज्यादा हो सकता है और लंबे समय तक इसे बड़ी मात्रा में खाने से थायरॉइड के नॉर्मल फंक्शन पर असर पड़ सकता है [2, 3]। इसलिए जिन लोगों को थायरॉइड से जुड़ी कोई समस्या है, उन्हें रोजाना आयोडीन से भरपूर सीवीड खाने की आदत बनाने से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

सीवीड जिस पानी में उगता है, वहां से यह मिनरल्स और कुछ हानिकारक पदार्थों को भी सोख सकता है। इसलिए सीवीड खरीदते समय भरोसेमंद स्रोत से मिलने वाले प्रोडक्ट्स चुनना जरूरी है [1, 2]। अगर आप पहली बार सीवीड अपनी डाइट में शामिल कर रहे हैं, तो अचानक ज्यादा मात्रा खाने के बजाय थोड़ी मात्रा से शुरुआत करें। खाने के साथ थोड़ी नोरी या सूप में कुछ वाकामे शुरुआत के लिए काफी है। बाकी ज्यादातर फूड्स की तरह, सीवीड के मामले में भी ज्यादा खाना जरूरी नहीं कि ज्यादा फायदेमंद हो।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न ( FAQ’s)

क्या रोजाना सीवीड खाना सुरक्षित है?

हां, खाने में कम मात्रा में सीवीड लेना आमतौर पर सुरक्षित है। हालांकि, रोजाना बहुत ज्यादा मात्रा में खाने से शरीर में जरूरत से ज्यादा आयोडीन पहुंच सकता है।

किस तरह के सीवीड में सबसे ज्यादा आयोडीन होता है?

ब्राउन सीवीड, खासकर ड्राइड केल्प और कोम्बू में नोरी या वाकामे की तुलना में काफी ज्यादा आयोडीन होता है।

क्या सीवीड वजन कम करने में मदद करता है?

सीवीड में कैलोरी कम और फाइबर अच्छी मात्रा में होता है, लेकिन सीधे वजन कम करने में इसके असर को लेकर अभी सीमित सबूत उपलब्ध हैं।

क्या प्रेग्नेंसी के दौरान सीवीड खाना सुरक्षित है?

खाने की सामान्य मात्रा में सीवीड लेना ठीक हो सकता है, लेकिन प्रेग्नेंसी के दौरान बहुत ज्यादा आयोडीन लेने से बचना चाहिए। इसलिए सीवीड की मात्रा को लेकर डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।

References

 1-Peñalver R, Lorenzo JM, Ros G, Amarowicz R, Pateiro M, Nieto G. Seaweeds as a functional ingredient for a healthy diet. Mar Drugs. 2020;18(6):301. doi:10.3390/md18060301.

2-Lomartire S, Marques JC, Gonçalves AMM. An overview of the health benefits of seaweed consumption. Mar Drugs. 2021;19(6):341. doi:10.3390/md19060341.

3- Trigo JP, Palmnäs-Bédard M, Vall-Llosera Juanola M, Undeland I. Effects of whole seaweed consumption on humans: current evidence from randomized-controlled intervention trials, knowledge gaps, and limitations. Front Nutr. 2023;10:1226168. doi:10.3389/fnut.2023.1226168.

4- Matos J, Cardoso C, Serralheiro ML, Bandarra NM, Afonso C. Seaweed bioactive potential as nutraceuticals and functional ingredients: A review. J. Food Compos Anal. 2024;133:106453

(यह लेख  दीक्षित राजपूत , Executive (Ayurveda and Multilingual Content) द्वारा लिखा गया है और  इसकी समीक्षा  डॉ. स्वाति मिश्रा, मेडिकल एडिटर  ने की है)

Image Source: Freepik

ये भी पढ़ें- 

Facebook Comments