
अगर आप यूरिक एसिड कम करने वाले फूड्स के बारे में जानना चाहते हैं, तो आप अकेले नहीं हैं। आजकल कम चलना-फिरना, ज्यादा देर बैठकर काम करना और प्रोटीन से भरी डाइट की वजह से यूरिक एसिड बढ़ने की समस्या काफी आम हो गई है।
अक्सर लोग इसे तब गंभीरता से लेते हैं, जब दर्द शुरू हो जाता है। अगर आपको अपने यूरिक एसिड लेवल के बारे में शक है, तो एक साधारण ब्लड टेस्ट से इसे आसानी से चेक किया जा सकता है।
एक आसान से लैब टेस्ट के साथ अपना यूरिक एसिड लेवल चेक करें!
हाइपरयूरिसीमिया यानी हाई यूरिक एसिड तब होता है, जब शरीर ज़रूरत से ज़्यादा यूरिक एसिड बनाने लगता है या उसे सही तरीके से बाहर नहीं निकाल पाता। धीरे-धीरे यह अतिरिक्त यूरिक एसिड जोड़ों में जमा होकर नुकीले क्रिस्टल बना लेता है। यही क्रिस्टल गाउट, सूजन और तेज दर्द की वजह बनते हैं।
कुछ मामलों में दवाइयाँ जरूरी होती हैं, लेकिन सही डाइट यूरिक एसिड को कंट्रोल करने में बड़ी मदद करती है।
TATA 1mg की मेडिकल एक्सपर्ट डॉ सुबिता अलघ बताती हैं कि, “यूरिक एसिड का इलाज सिर्फ प्रोटीन छोड़ने से नहीं होता। ज़रूरी है कि हाई-प्यूरिन फूड्स कम किए जाएँ, शुगर वाली ड्रिंक्स से दूरी बनाकर रखी जाए, पर्याप्त पानी पिया जाए और संतुलित खाना खाया जाए।
आइए जानते हैं ऐसे फूड्स (Foods to reduce uric acid in hindi) के बारे में, जो यूरिक एसिड कम करने में मदद करते हैं और जिन्हें डेली डाइट में आसानी से शामिल किया जा सकता है।
यूरिक एसिड क्यों बढ़ता है?

यूरिक एसिड शरीर में बनने वाला एक वेस्ट पदार्थ है, जो प्यूरीन नाम के तत्व के टूटने से बनता है। प्यूरीन कुछ खाने की चीज़ों में होता है और हमारे बॉडी सेल्स में भी मौजूद रहता है।
आमतौर पर यूरिक एसिड खून में घुलकर पेशाब के जरिए बाहर निकल जाता है।
लेकिन जब यह ज्यादा बनने लगता है या बाहर नहीं निकल पाता, तो यह जोड़ों में जमा होकर क्रिस्टल बना लेता है। इससे गाउट जैसी दर्दनाक सूजन की समस्या होती है।
सिर्फ खाना ही इसकी वजह नहीं होता। जेनेटिक्स, किडनी की सेहत, वजन, तनाव, डिहाइड्रेशन और मेटाबॉलिज्म भी इसमें भूमिका निभाते हैं। सही फूड्स अपनाकर इस स्थिति को काफी हद तक संभाला जा सकता है।
डॉक्टरों द्वारा बताए गए 7 असरदार फूड्स (Foods to reduce uric acid in hindi) जो यूरिक एसिड कम करने में मदद करते हैं।
डॉक्टरों द्वारा बताए गए 7 असरदार फूड्स जो यूरिक एसिड कम करने में मदद करते हैं
1. चेरी

चेरी को यूरिक एसिड के लिए सबसे फायदेमंद फलों में गिना जाता है। इसमें ऐसे तत्व होते हैं जो शरीर में सूजन कम करने में मदद करते हैं।नियमित रूप से चेरी खाने से यूरिक एसिड लेवल कम हो सकता है और गाउट के अटैक का खतरा भी घट सकता है।
आप चेरी सीधे खा सकते हैं या दही और ओट्स में मिलाकर ले सकते हैं। बिना शुगर वाला चेरी का जूस भी सीमित मात्रा में लिया जा सकता है।अगर चेरी बहुत ज्यादा महंगी हों या उपलब्ध न हो, तो काले अंगूर भी अच्छा विकल्प हैं।
2. विटामिन सी से भरपूर खाद्य पदार्थ
विटामिन C यूरिक एसिड को पेशाब के जरिए बाहर निकालने में मदद करता है। इसके सप्लीमेंट लेने की जगह आंवला, संतरा, अमरूद, नींबू और शिमला मिर्च जैसे फूड्स ज्यादा बेहतर रहते हैं। सुबह गुनगुने पानी में नींबू का रस मिलाकर पीना भी शरीर को विटामिन C देने एक आसान और सस्ता तरीका है।
3. कम फैट वाले डेयरी प्रोडक्ट्स
अक्सर लोग मान लेते हैं कि हर तरह का प्रोटीन यूरिक एसिड बढ़ाता है, जबकि ऐसा नहीं है। लो-फैट दही, छाछ और स्किम्ड मिल्क यूरिक एसिड को कंट्रोल करने में मदद कर सकते हैं। दोपहर के खाने के साथ सादा दही या शाम को छाछ लेना अच्छा रहता है।
ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा फैट वाले डेयरी प्रोडक्ट्स सूजन को बढ़ा सकते हैं।
4. रिफाइंड कार्ब्स की जगह साबुत अनाज
यूरिक एसिड और मेटाबॉलिक हेल्थ आपस में जुड़े होते हैं। मैदा, सफेद ब्रेड और शुगर वाली ड्रिंक्स इंसुलिन रेजिस्टेंस बढ़ा सकती हैं, जिससे शरीर को यूरिक एसिड बाहर निकालने में परेशानी होती है। ब्राउन राइस, ज्वार, बाजरा, ओट्स और गेहूं की रोटी शरीर का बैलेंस बेहतर रखते हैं।
5. पर्याप्त पानी
सुनने में यह एक छोटी सी आदत लगती है लेकिन यूरिक एसिड के लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण और प्रभावशाली विकल्पों में से एक है। जब शरीर में पानी कम होता है, तो यूरिक एसिड खून में ज़्यादा जमा हो जाता है। दिन में करीब 2.5 से 3 लीटर पानी पीने से किडनी ठीक से काम करती है और यूरिक एसिड शरीर बाहर निकलता है।
6. सीमित मात्रा में प्लांट बेस्ड प्रोटीन
रेड मीट और ऑर्गन मीट में प्यूरिन ज्यादा होता है, इसलिए ये यूरिक एसिड लेवल बढ़ा सकते हैं। लेकिन प्रोटीन के सभी स्रोत यूरिक एसिड की समस्या में नुकसान दायक नहीं होते। मूंग दाल, मसूर, चना और टोफू सीमित मात्रा में खाए जा सकते हैं। बहुत ज़्यादा हाई-प्रोटीन डाइट लेने से बचें।
मात्रा पर नियंत्रण रखना महत्वपूर्ण है, इसलिए किसी भी भोजन को बिना डॉक्टर की सलाह के बहुत अधिक मात्रा में न लें।
7. कॉफी और ग्रीन टी
कुछ रिसर्च बताती हैं कि सीमित मात्रा में कॉफी पीने से यूरिक एसिड लेवल कम हो सकता है। ग्रीन टी शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस कम करने में मदद करती है। शुगर वाली ड्रिंक्स की जगह ग्रीन-टी लेना बेहतर विकल्प है, लेकिन ज्यादा कैफीन से बचें।
ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ने पर शरीर में सूजन हो सकती है, जिससे यूरिक एसिड से संबंधित जोड़ों का दर्द बढ़ सकता है। ग्रीन-टी में एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में मदद कर सकते हैं।
लेकिन मात्रा को सीमित रखना बेहद जरूरी है। कैफीन के ज्यादा सेवन से नींद और स्ट्रेस का लेवल प्रभावित हो सकता है।
किन चीज़ों को सीमित करना चाहिए?

यूरिक एसिड को कम करने के लिए कौन सी चीजें खानी चाहिए, यह जानना जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही महत्वपूर्ण यह जानना भी है कि कौन सी चीजों से परहेज करना चाहिए। आइए जानें कौन सी चीजें यूरिक एसिड बढ़ाने में योगदान दे सकती हैं।
- रेड मीट और ऑर्गन मीट
- ज़्यादा सीफूड
- मीठी और शुगर वाली ड्रिंक्स
- शराब, खासकर बियर
- बहुत ज्यादा प्रोसेस्ड फूड
तेज़ी से वजन घटाना भी यूरिक एसिड बढ़ा सकता है, इसलिए धीरे-धीरे वजन कम करें।
डॉ. सुबिता इस बात पर ज़ोर देती हैं कि यूरिक एसिड को कंट्रोल करने के लिए केवल डाइट पर ध्यान देना ही पर्याप्त नहीं है। हेल्दी वेट मेंटेन रखें, क्रैश डाइटिंग से बचें, नियमित व्यायाम करें, स्ट्रेस को कंट्रोल करें और पर्याप्त नींद लें। तेज़ी से वज़न घटाने से यूरिक एसिड [6] अस्थायी रूप से बढ़ सकता है, इसलिए लाइफस्टाइल में स्थायी बदलाव ही सही तरीका है।
जब डाइट काफी न हो!
डाइट मदद जरूर करती है, लेकिन यह डॉक्टर के इलाज की जगह नहीं ले सकती। अगर जोड़ों में ज़्यादा दर्द हो, बार-बार सूजन आए, ब्लड टेस्ट में लेवल बढ़े हुए मिलें या किडनी से जुड़ी समस्या हो, तो डॉक्टर से सलाह लेना ज़रूरी है। कुछ स्थितियों में दवा की भी जरूरत पड़ सकती है।
याद रखें, सही खानपान इलाज के साथ मिलकर बेहतर असर करता है, उसके बदले नहीं
एक क्लिक में हेल्थ एक्सपर्ट से बात करें!
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
1. यूरिक एसिड कम करने के लिए कौन से फूड्स सबसे अच्छे हैं?
चेरी, विटामिन C वाले फल, लो-फैट डेयरी प्रोडक्ट्स, होल ग्रेन्स, पर्याप्त पानी और सीमित मात्रा में कॉफी मदद कर सकते हैं।
2. यूरिक एसिड में क्या नहीं खाना चाहिए?
रेड मीट, ऑर्गन मीट, ज्यादा सीफूड, शुगर वाली ड्रिंक्स और शराब से बचना चाहिए।
3. हाई यूरिक एसिड के शुरुआती लक्षण क्या हैं?
शुरुआत में लक्षण नहीं दिखते, लेकिन बाद में अंगूठे या जोड़ों में तेज दर्द, सूजन और रेडनेस (लालिमा) हो सकती है।
4. हाई यूरिक एसिड किन अंगों को प्रभावित करता है?
मुख्य रूप से जोड़ों और किडनी को।
5. क्या मेथी दाना यूरिक एसिड बढ़ाता है?
इसका कोई ठोस सबूत नहीं है। सीमित मात्रा में मेथी दाना आमतौर पर सुरक्षित माना जाता है।
6. रमजान में रोजा रखने से यूरिक एसिड बढ़ सकता है क्या?
कुछ लोगों में डिहाइड्रेशन की वजह से बढ़ सकता है। नॉन-फास्टिंग समय में पानी पीना बहुत ज़रूरी है।
7. दिन में यूरिक एसिड सबसे ज्यादा कब होता है?
अक्सर सुबह के समय, रात भर पानी न पीने की वजह से।
8. गाउट की समस्या क्यों होती है?
जब बढ़ा हुआ यूरिक एसिड जोड़ों में क्रिस्टल बना लेता है, तब गाउट की समस्या होती है। इसके पीछे जेनेटिक्स, डाइट, शराब, मोटापा और डिहाइड्रेशन जैसे कारण हो सकते हैं।
(इस लेख की समीक्षा डॉ. स्वाति मिश्रा, मेडिकल एडिटर ने की है)
Image Source: Freepik
ये भी पढ़ें-
- मोरिंगा के जबरदस्त फायदे और डेली डाइट में शामिल करने के आसान तरीके
- बेहतर एनर्जी और वजन घटाने के लिए डाइट में शामिल करें ये 7 सीड्स