
आज के समय में लोग बेहतर स्वस्थ्य के लिए सुपरफूड्स की तरफ तेजी से बढ़ रहे हैं। सोशल मीडिया पर, हेल्थ एक्सपर्ट्स की राय और नई रिसर्च में कई ऐसे खाद्य पदार्थों का जिक्र होता है, जिन्हें सुपरफूड कहा जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ऐसा ही एक सुपरफूड हमारे भारत में सदियों से खाया जा रहा है? जिसे हमारे घरों या खेतों में बहुत आसानी से उगाया जा सकता है। इसका नाम है मोरिंगा जिसे अधिकतर लोग सहजन या ड्रमस्टिक के नाम से जानते हैं।
मोरिंगा ओलिफेरा, एक ऐसा पेड़ है जिसकी पत्तियाँ, फली, बीज, यहाँ तक कि जड़ें भी पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं। इस पेड़ की खासियत यह है कि यह कम पानी में भी आसानी से उग जाता है और पोषक तत्वों से भरपूर होता है। शायद इसी कारण इसे “Miracle Tree” यानी चमत्कारी पेड़ भी कहा जाता है।
भारत में सहजन का इस्तेमाल सांभर, दाल, सब्जियों और अलग-अलग पारंपरिक व्यंजनों में लंबे समय से होता आया है। लेकिन अब आधुनिक विज्ञान भी यह साबित कर रहा है कि यह पौधा केवल स्वाद ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य की दृष्टि से भी अत्यंत लाभकारी (Benefits of Moringa Oleifera in hindi) है। आज मोरिंगा का सबसे सुविधाजनक रूप है मोरिंगा पाउडर, जिसे सूखी पत्तियों को पीसकर तैयार किया जाता है। यह इस्तेमाल में आसान और लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
घर पर मोरिंगा पाउडर कैसे बनाएं?

अगर आपके आसपास सहजन का पेड़ है तो आप बहुत आसानी से घर पर ही हेल्दी मोरिंगा पाउडर बना सकते हैं। इसके लिए ताजी पत्तियों को तोड़कर साफ पानी से धो लें। फिर इन पत्तियों को सीधी धूप में नहीं बल्कि छाया वाले स्थान पर सुखाएँ। जब पूरी तरह सूख जाएँ और नमी खत्म हो जाए तो इन्हें पीसकर एक बारीक पाउडर तैयार करें। इस पाउडर को किसी एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें। इस तरह तैयार पाउडर अपनी गुणवत्ता और स्वाद दोनों को महीनों तक बरकरार रख सकता है।
अगर आपके पास समय कम है या सहजन आसानी से उपलब्ध नहीं है, तो बाजार में मिलने वाला अच्छा क्वालिटी वाला ऑर्गैनिक मोरिंगा पाउडर भी उपयोग कर सकते हैं।
मोरिंगा का सेवन हमेशा कम मात्रा से शुरू करें। शुरुआत में आधा चम्मच या एक चम्मच ही पर्याप्त है। धीरे-धीरे शरीर की क्षमता और जरूरत के अनुसार इसे बढ़ाया जा सकता है। इसे खाने का सबसे अच्छा समय सुबह या नाश्ते के बाद माना जाता है। सोने से पहले इसका सेवन करने से बचना चाहिए।
मोरिंगा पाउडर और पत्तियों के 6 प्रमुख हेल्थ बेनिफिट्स

1. इम्यूनिटी बढ़ाए
मोरिंगा को सुपरफूड इसलिए कहा जाता है क्योंकि इसके अंदर भरपूर मात्रा में विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं। वैज्ञानिक रिसर्च बताती हैं कि मोरिंगा की पत्तियों में गाजर से अधिक विटामिन A, दूध से अधिक कैल्शियम, पालक से अधिक आयरन और अंडे से अधिक प्रोटीन मौजूद होता है। यही कारण है कि यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में बेहद उपयोगी है। बदलते मौसम में होने वाले संक्रमण, सर्दी-जुकाम, थकान, कमजोरी जैसी समस्याओं में यह एक बेहद कारगर उपाय है।
2. ब्लड शुगर कंट्रोल
रिसर्च से यह भी पता लगता है कि मोरिंगा ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में सहायक है। डायबिटीज से जूझ रहे लोगों में यह इंसुलिन सेंसिटिविटी में सुधार लाता है और फास्टिंग ब्लड शुगर को कम करने में भी मदद कर सकता है। हालाँकि, इसे किसी दवा के विकल्प के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकता बल्कि यह एक सपोर्ट की तरह काम करता है।
3. एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण
सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस कई तरह की क्रॉनिक बीमारियों का कारण बन सकते हैं। मोरिंगा में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाने में मदद करते हैं और एंटी-इंफ्लेमेटरी सपोर्ट के रूप में भी काम कर सकते हैं।
4. पाचन व डिटॉक्स में सहायक
मोरिंगा में फाइबर की अच्छी मात्रा होती है, जो पाचन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाता है। अगर किसी व्यक्ति को कब्ज की समस्या रहती है, पेट भारी रहता है या अपच की दिक्कत है, तो मोरिंगा काफी हद तक फायदेमंद हो सकता है। यह शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में भी मदद करता है, जिससे पेट स्वस्थ रहता है और शरीर हल्का महसूस करता है।
5. हड्डियों को मजबूत बनाए
बढ़ती उम्र, खासकर महिलाओं में मेनोपॉज के बाद हड्डियों का घनत्व कम होने लगता है। मोरिंगा में मौजूद कैल्शियम, आयरन और विटामिन K हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करते हैं। अगर कोई व्यक्ति थकान, चक्कर या कमजोरी महसूस करता है, तो कैफीन के स्थान पर सुबह-सुबह मोरिंगा के सेवन से उसे दिन भर ज्यादा एनर्जी से भरपूर रहने में मदद मिल सकती है।
6. ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल में सुधार
मोरिंगा पर हुई रिसर्च से पता चलता है कि यह खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करने और अच्छे कोलेस्ट्रॉल (HDL) को बढ़ाने में मदद कर सकता है। साथ ही यह ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में और हृदय की मांसपेशियों को सुरक्षित बनाए रखने में सहायक पाया गया है। इसके एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण इसे दिल की सेहत के लिए और भी ज्यादा फायदेमंद बनाते हैं।
भारतीय भोजन में मोरिंगा कैसे शामिल करें?

भारत में यह आसानी से उपलब्ध है और इसे डेली डाइट में शामिल करना बेहद आसान है। हम इसे कई तरीकों से इस्तेमाल कर सकते हैं — जैसे…
- सहजन की फली को दाल या सांभर में डालकर पकाएँ
- पत्तियों को सब्जी में मिलाकर भूनें
- स्मूदी या ओट्स में पाउडर मिलाएँ
- दही, सलाद, चटनी या सूप पर छिड़कें
- इम्यूनिटी ड्रिंक में इस्तेमाल करें
- थोड़ा-थोड़ा और नियमित रूप से इस्तेमाल करने पर ही इसके पूरे फायदे सही तरीके से मिलते हैं।
किन लोगों को इसके सेवन में सावधानी बरतनी चाहिए?
हालाँकि मोरिंगा प्राकृतिक रूप से सुरक्षित है, फिर भी कुछ विशेष स्थितियों में सावधानी जरूरी है।
- गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को बिना डॉक्टर की सलाह के इसे सप्लीमेंट के रूप में नहीं लेना चाहिए।
- इसकी जड़ और छाल का इस्तेमाल गर्भावस्था में बिल्कुल नहीं करना चाहिए।
- अगर आप ब्लड प्रेशर, थायरॉयड या डायबिटीज की दवा ले रहे हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेकर ही इसका इस्तेमाल करें।
- अधिक मात्रा में सेवन से पेट और आंतों में कुछ परेशानी हो सकती है।
हर व्यक्ति का शरीर अलग तरह से प्रतिक्रिया करता है, इसलिए डाइट में कुछ भी नया शामिल करने से पहले डॉक्टर या नूट्रिशनिस्ट की सलाह लेना हमेशा फायदेमंद होता है।
निष्कर्ष

प्रकृति ने हमें कई ऐसी चीज़ें दी हैं जिनके अद्भुत फायदों को हम कई बार नजरअंदाज कर देते हैं। मोरिंगा (Benefits of Moringa Oleifera in hindi) भी उन ही अनमोल चीज़ों में से एक है। यह शरीर को जरुरी पोषक तत्व प्रदान करता है, बीमारी से लड़ने की क्षमता बढ़ाता है और ऊर्जा के साथ-साथ दिल, दिमाग, हड्डियों और पाचन को बेहतर बनाने में भी मदद करता है।
अगर आप अपनी डाइट में थोड़ा बदलाव करके उसे ज्यादा पौष्टिक बनाना चाहते हैं, तो मोरिंगा एक बेहद आसान तरीका है। बस मात्रा का ध्यान रखें और नियमित रूप से इस्तेमाल करें।
एक अच्छे स्वास्थ्य की नींव रोजाना की छोटी-छोटी आदतों से ही बनती है। मोरिंगा को अपनी डाइट में शामिल कर आप उन आदतों में एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
प्रश्न: क्या रोजाना मोरिंगा पाउडर लेना अच्छा है?
हाँ, रोज़ाना सीमित मात्रा में मोरिंगा का सेवन फायदेमंद हो सकता है। यह विटामिन (A, C), आयरन, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। जो इम्यूनिटी, एनर्जी और संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। इसके बहुत अधिक सेवन से बचें और कोई भी सप्लीमेंट शुरू करने से पहले हमेशा डॉक्टर से सलाह लें।
प्रश्न: क्या मोरिंगा पुरुषों के लिए अच्छा है?
बिल्कुल। मोरिंगा पुरुषों में एनर्जी लेवल, स्टैमिना और संपूर्ण जीवन शक्ति को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है, क्योंकि यह कुछ हद तक टेस्टोस्टेरोन के स्तर और रिप्रोडक्टिव हेल्थ को बेहतर बनाने में भी भूमिका निभाता है। साथ ही इसके महत्वपूर्ण पोषक तत्व, जैसे जिंक और आयरन, बेहतर मेटाबॉलिज़्म और दिल को स्वस्थ रखने में भी माद्दा कर सकते हैं।
प्रश्न: जब हम मोरिंगा पाउडर लेना शुरू करते हैं तो हमारे शरीर में क्या होता है?
जब आप नियमित रूप से मोरिंगा पाउडर लेना शुरू करते हैं, तो आपको समय के साथ बेहतर पाचन, बेहतर एनर्जी लेवल और बेहतर इम्यूनिटी का अनुभव होता है। इसके बेहतरीन पोषक तत्व सूजन को कम करने, ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित करने और दिल की सेहत को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।
प्रश्न: मुझे हर दिन कितना मोरिंगा पाउडर लेना चाहिए?
रोजाना लगभग 1 चम्मच मोरिंगा का सेवन सामान्य स्वास्थ्य में सुधार ला सकता है। चूँकि इसकी आधिकारिक तौर पर कोई दैनिक खुराक निश्चित नहीं है, इसलिए कम मात्रा में रोजाना इसका सेवन काफी फायदेमंद हो सकता है।
प्रश्न: क्या मोरिंगा पाउडर को गर्म करने पर इसके पोषक तत्व नष्ट हो जाएंगे?
लंबे समय तक गर्म करने से विटामिन C जैसे कुछ हीट सेंसिटिव न्यूट्रिएंट्स कम हो सकते हैं। हालाँकि, इसे हल्के से पकाने या भोजन में मिलाकर खाने से अधिकांश गुण बरकरार रह सकते हैं। लेकिन अगर आप अधिकतम लाभ चाहते हैं, तो इसके पाउडर को स्मूदी, दही या अपने पसंदीदा सलाद में बिना गर्म किए मिलाएँ।
(इस लेख की समीक्षा डॉ. स्वाति मिश्रा, मेडिकल एडिटर ने की है)
Image Source: Freepik
ये भी पढ़ें-
- नैचुरली ग्लोइंग स्किन पाने के लिए इन 5 कोरियन फूड्स को करें ट्राई
- मजबूत, घने और लंबे बालों के लिए डेली रूटीन में शामिल करें ये 6 सीड्स
References
1. Pareek A, Pant M, Gupta MM, et al. Moringa oleifera: An Updated Comprehensive Review of Its Pharmacological Activities, Ethnomedicinal, Phytopharmaceutical Formulation, Clinical, Phytochemical, and Toxicological Aspects. International Journal of Molecular Sciences. 2023;24(3):2098. doi:10.3390/ijms24032098
2. Islam Z, Islam SMR, Hossen F, Mahtab-Ul-Islam K, Hasan MdR, Karim R. Moringa oleifera is a Prominent Source of Nutrients with Potential Health Benefits. International Journal of Food Science. 2021;2021:1-11. doi:10.1155/2021/6627265
3. Nova E, Redondo-Useros N, Martínez-García RM, Gómez-Martínez S, Díaz-Prieto LE, Marcos A. Potential of Moringa oleifera to Improve Glucose Control for the Prevention of Diabetes and Related Metabolic Alterations: A Systematic Review of Animal and Human Studies. Nutrients. 2020; 12(7):2050. https://doi.org/10.3390/nu12072050